Wednesday, December 29, 2010

दक्षिण भारत में तैनात होंगे लड़ाकू विमान

एलसीए व सुखोई 30 एमकेआई के स्क्वाड्रन को किया जाएगा तैनात -पीके बारबोरा वायुसेना के उप प्रमुख
दक्षिण भारत में हमले की आशंका को देखते हुए भारतीय वायु सेना इस क्षेत्र में लड़ाकू विमानों की टुकड़ियां तैनात करने की योजना बना रही है। इससे आतंकियों व समुद्री लुटेरों के खतरों से निपटने में मदद तो मिलेगी ही, समुद्री इलाकों को सुरक्षित भी बनाया जा सकेगा। वायु सेना के वाइस चीफ एयर मार्शल पीके बारबोरा ने मंगलवार को यहां एक कार्यक्र म में कहा, ‘यह हमारी योजना है। हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) के पहले दो स्क्वाड्रन को दक्षिण भारत में तैनात किया जाएगा। इसके अलावा सुखोई 30 एमकेआई के स्क्वाड्रन को भी यहां पर तैनात किया जाएगा।बारबोरा ने यह बात एक सवाल के जवाब में कही जिसमें पूछा गया था कि क्या वायुसेना समुद्री लुटेरों और लश्कर-ए-तय्यबा के बढ़ते खतरे को देखते हुए दक्षिणी भारत में अपने लड़ाकू विमान तैनात करने की योजना बना रही है? उन्होंने कहा, ‘दक्षिण भारत में वायुसेना की भूमिका बढ़ेगी और अंडमान व निकोबार में भी अपनी भूमिका बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं।वायुसेना एलसीए विमानों की दो स्क्वाड्रन तमिलनाडु के कोयंबटूर के सुलुर में तैनात करने पर विचार कर रही है। यह पूछे जाने पर कि लश्कर और अन्य आतंकी गुट समुद्री रास्ते का इस्तेमाल भारत के खिलाफ हमले के लिए कर सकते हैं ? इस पर बारबोरा ने कहा, ‘जहां तक उनकी (आतंकियों और लुटेरों) की बात है हम यह नहीं कह सकते हैं कि वे कब, कहां और क्या करेंगे । यदि रक्षा सेवायें उनके ढांचे को खत्म करने के लिए सहयोग मांगती हैं तो हम हमेशा उपस्थित रहेंगे।हिंद महासागर में देश के हितों की रक्षा करने के लिए भारतीय वायु सेना दक्षिण भारत में अपनी उपस्थिति बढ़ा रही है।

No comments:

Post a Comment