Tuesday, September 11, 2012

नया खुफिया बल बनाने पर विचार कर रही केंद्र सरकार


नया खुफिया बल बनाने पर विचार कर रही केंद्र सरकार
नई दिल्ली, एजेंसी :राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधी केंद्र (एनसीटीसी) के गठन को लेकर केंद्र सरकार की जद्दोजहद के बीच गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने अलग खुफिया बल के गठन का विचार रखा है। अपनी पहली प्रेस कांफ्रेंस में शिंदे ने कहा कि फिलहाल यह विचार अपनी शुरुआती अवस्था में है। वर्तमान में 40 हजार आम लोगों पर एक खुफिया अधिकारी काम कर रहा है। शिंदे ने कहा कि अलग खुफिया बल बनने से अधिकारियों की पहचान सार्वजनिक होने का जोखिम कम हो जाएगा। शिंदे ने कहा, अभी खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों और कर्मचारियों का चयन पुलिस बल से किया जाता है। इन लोगों की अपने जिलों में पहचान खुल जाती है। इसलिए अलग खुफिया बल का गठन करने से अधिकारी बिना पहचान सार्वजनिक हुए अपना काम कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि नया बल बनाने के बाद किसी भी एजेंसी के अधिकारों को कम नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि इस बल के गठन से पहले राज्य सरकारों से भी बात की जाएगी। राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधी केंद्र (एनसीटीसी) के गठन पर चले रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि इसका विरोध करने वाले मुख्यमंत्रियों से बातचीत के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। पिछली बैठक में विरोध करने वाले मुख्यमंत्रियों का कहना था कि इससे राज्यों के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन होगा। पृथक तेलंगाना मुद्दे पर शिंदे ने कहा कि केंद्र ने अब तक सर्वदलीय बैठक बुलाने पर कोई फैसला नहीं लिया है। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि संप्रग सरकार इस मसले को हल कर लेगी। शिंदे ने कहा कि एनआइए आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल को ब्रिटेन से मिलने वाले फंड की जांच कर रहा है। माना जा रहा है कि ब्रिटेन से बब्बर खालसा के सदस्यों को अवैध रूप से करीब 100 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। जांच एजेंसी इन सदस्यों की पहचान का पता लगाने कोशिश कर रही है और इस संबंध में उसने 22 अगस्त को एक मामला दर्ज किया गया है।ब्रिटेन से संचालित यह संगठन भारत में आतंकी घटनाओं को अंजाम देता रहा है। शिंदे ने बताया कि जांच एजेंसी को इस बात के भी सुबूत मिले हैं कि यह संगठन अब पाकिस्तान में भी अपनी जड़ें जमा रहा है।


No comments:

Post a Comment