Monday, January 10, 2011

नेपाल सीमा पर लिखे भारत विरोधी नारे से खलबली

नेपाल सीमा से लगे दो पिलरों पर माओवादियों ने भारत विरोधी नारे लिख दिए हैं। इन पिलरों पर लिखे गये भारत के खिलाफ नारों से सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मच गई है। उपजिलाधिकारी ने टनकपुर-बनबसा सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। पिछले दिनों सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सीमा क्षेत्र व पिलरों के निरीक्षण किये जाने पर ही यह प्रतिक्रिया बताई जा रही है। टनकपुर बैराज से लगे नेपाल के मटेना गांव के निकट पिलर संख्या 810 व भारत से लगे गांव थपलियालखेड़ा स्थित पिलर संख्या 809 पर भारत विरोधी नारे लिखे गए हैं। यह हरकत नेपाल के माओवादी संगठन वाईसीएल की मानी जा रही है। इन पिलरों पर भारतीय विस्तारवाद मुर्दाबाद, जन विरोध को शुरुआत, वाईसीएल नेपाल जिंदाबाद, सीमा अतिक्रमण बंद करो के नारे लिखे गये हैं। मालूम हो कि पांच जनवरी को चंपावत के उपजिलाधिकारी शिवचरण द्विवेदी की अगुवाई में एसएसबी, राजस्व विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र का निरीक्षण किया था। टीम ने पिलरों का भी जायजा लिया। एसडीएम ने नेपाल के ब्रह्मदेव मंडी पर नो मेंस लेंड पर नेपाल की ओर से हो रहे निर्माण कार्य को रोकने के लिए ब्रह्मदेव चौकी प्रभारी को निर्देश दिए थे। माना जा रहा है कि भारत की ओर से हुई इस कार्रवाई के विरोध में ही भारत विरोधी नारे लिखे गये हैं। एसडीएम ने भी माना कि यह इसी की प्रतिक्रिया हो सकती है। उन्होंने टनकपुर-बनबसा सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों को सीमा पर अलर्ट रहने के निर्देश दिये हैं।

No comments:

Post a Comment