Saturday, February 5, 2011

हिंडन पहुंचा सी-130जे, आज होगा वायुसेना में शामिल


भारतीय वायुसेना के बेड़े में शामिल होने जा रहा अमेरिका से खरीदा सी-130 जे सुपर हरक्यूलिस विमान अपने नए घर हिंडन वायुसेना अड्डे पहुंच गया है। यह शनिवार को रक्षामंत्री एके एंटोनी की मौजूदगी में औपचारिक तौर पर वायुसेना का हिस्सा बनेगा। त्वरित कार्रवाई बलों और स्पेशल फोर्सेज के लिए खरीदे गए इस विमान का अनुबंध भारत ने अमेरिका के साथ 2008 में किया था। 95 करोड़ डॉलर के इस सौदे में शेष पांच विमान साल केअंत तक सौंपे जाने हैं। चार इंजन वाला सुपर हरक्यूलिस विशेष अभियानों के लिए भारतीय वायुसेना की क्षमताओं में खासा इजाफा करेगा। विमान में भारतीय वायुसेना की विशेष जरूरतों के लिहाज से कुछ बदलाव भी किए गए हैं। विमान न केवल हवा में ईधन लेने की क्षमता, बल्कि उन्नत रडार और चेतावनी यंत्रों से भी लैस है। वायुसेना ने आतंकवादी घटनाओं में त्वरित कार्रवाई की जरूरतों और रणनीतिक नजरिए से सी-130जे को हिंडन के वायुसैनिक अड्डे में तैनात करने का फैसला किया है। इस विमान को भारत लाने के लिए वायुसेना की एक टीम अमेरिका गई थी। टीम ने गत 16 दिसंबर 2010 को अमेरिका के अटलांटा में विमान की कमान ले ली थी। सीधी सैन्य खरीद के रास्ते हुए इस सौदे के तहत अमेरिकी वायुसेना इस विमान के लिए भारतीय वायुसेना के 18 पायलटों, नौ लोड मास्टर और नौ कॉम्बैट सिस्टम ऑपरेटरों को प्रशिक्षण भी दे रही है। वहीं विमानों की देखरेख के लिए 100 अन्य अधिकारियों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है.

No comments:

Post a Comment