माओवादियों और आतंकवादियों के खतरे के मद्देनजर रेलवे अपने सुरक्षाकर्मियों के लिए 6,000 एके 47 राइफलों के अलावा बुलेट प्रूफ जैकेट और हेलमेट जैसे महत्वपूर्ण साजो सामान खरीद रही है, ताकि ट्रेनों और स्टेशनों की हिफाजत की जा सके। रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हम बुल्गारिया से 6,000 पूर्ण स्वचालित एके 47 राइफल खरीदने की प्रक्रिया में हैं। इस खरीदारी के लिए गृहमंत्रालय को रकम की अदायगी की जा रही है। एके 47 राइफल के साथ बुलेट प्रूफ जैकेट, हेलमेट और वाकीटॉकी रेलवे पुलिस बल के विशेष कर्मियों को मुहैया किए जाएंगे, जो लग्जरी ट्रेनों और संवेदनशील स्टेशनों की हिफाजत करेंगे। रेलवे माओवाद की समस्या के अलावा पैलेस ऑन व्हील, डेक्कन क्वीन, महाराजा एक्सप्रेस जैसी अपनी लग्जरी ट्रेनों पर आतंकवादी हमले के खतरे का सामना कर रही है। इन ट्रेनों में ज्यादातर विदेशी पर्यटक सफर करते हैं। अधिकारी ने बताया कि चूंकि इन लग्जरी ट्रेनों के ज्यादातर यात्री विदेशी होते हैं, इसलिए उनके साथ होने वाली कोई अप्रिय घटना पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचती है। इन ट्रेनों की हिफाजत के लिए राज्य सरकारों के साथ हमें एक मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करनी होगी। जम्मू और कश्मीर जैसे आतंकवाद प्रभावित इलाकों, माओवाद प्रभावित इलाकों और पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेलवे पुलिस बल के जवानों को एके 47 राइफलों से लैस किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि एके 47 राइफलों से न सिर्फ मनोबल बढ़ेगा बल्कि रेलवे के सुरक्षाकर्मियों की क्षमता में भी बढ़ोतरी होगी। सरकार रेलवे पुलिस बल, बीएसएफ, सीआरपीएफ के लिए 20,000 एके 47 राइफलें खरीद रही है। यह खरीदारी वैश्विक स्तर पर एक निविदा प्रक्रिया के जरिए की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि हथियारों की आपूर्ति से पहले यहां का एक दल बुल्गारिया गया था। रेलवे समंवित सुरक्षा प्रणाली के तहत 200 स्टेशनों के लिए सीसीटीवी, दरवाजानुमा मेटल डिटेक्टर, सामान जांच प्रणाली और हाथ में पकड़े जाने वाले मेटल डिटेक्टर खरीद रही है। संवेदनशील स्टेशनों पर सुरक्षा भी बढ़ाई जा रही है।
No comments:
Post a Comment