सीमापार से घुसपैठ की कोशिशों में तेजी लाने तथा भारतीय सुरक्षाबलों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पाकिस्तान ने अब नो मेन्स लैंड पर दो मंजिला बंकर खड़ा कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय सीमा आरएसपुरा सेक्टर की अब्दुल्लियां पोस्ट के ठीक सामने 21 फीट ऊंचे बंकर के पास ही ऑब्जर्वेशन टॉवर भी बनाया गया है। अंतर्राष्ट्रीय सीमा के इतनी करीब बंकर तैयार कर पाकिस्तान ने सीधा-सीधा अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लघंन किया है। इस बीच बंकर तथा टॉवर के निर्माण पर चिंता जताते हुए केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने गृह मंत्रालय को रिपोर्ट भी भेज दी है। जानकारी के अनुसार पाकिस्तान ने हाल ही में बार्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) की अब्दुल्लियां पोस्ट के ठीक सामने अपनी सुरागपुर पोस्ट पर नया दो मंजिला पक्का बंकर बना लिया है। बंकर के पहले हिस्से में एम्बुश पोस्ट तथा दूसरी इमारत में ऑब्जर्वेशन पोस्ट बनाई गई है। हालांकि अंतर्राष्ट्रीय कानूनों के तहत कोई भी देश अंतरराष्ट्रीय सीमा के 500 यार्ड तक किसी प्रकार का निर्माण नहीं कर सकता। इस भूमि को नौ मेन्स लैंड कहा जाता है। लेकिन पाक रेंजरों ने इस कानून का पूरी तरह उल्लंघन किया है। जानकारों की मानें तो पाकिस्तान ने यह बंकर तथा टॉवर घुसपैठ के लिए आतंकियों को सेफ रूट देने के लिए बनाया है। आतंकियों को घुसपैठ से पहले इन बंकरों में रखा जा सकता है, ताकि वह मौका पाते ही तारबंदी को तोड़कर भारत में प्रवेश कर सकें। साथ ही भारतीय सीमा में सुरक्षा बलों के जमावड़े तथा घुसपैठ के लिए नए-नए रास्तों की तलाश की जा सके। विश्र्वसनीय सूत्रों के अनुसार इस बंकर के निर्माण के संबंध में केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने गृह मंत्रालय को रिपोर्ट भी भेज दी है। जता चुके हैं विरोध : बीएसएफ जम्मू : सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के इंस्पेक्टर जरनल ऑफ पुलिस सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय ने बताया कि सीमा पार पाक रेंजरों द्वारा बनाए गए दो मंजिला बंकर का हम पाकिस्तान से विरोध जता चुके हैं। बावजूद इसके अभी तक पाकिस्तान की ओर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
No comments:
Post a Comment