Thursday, February 3, 2011

भारत की ओर बढ़ रहे हैं सोमालियाई जलदस्यु


भारतीय तटरक्षक बल की मानें तो सोमालियाई जलदस्युओं ने भारत की ओर बढ़ना शुरू कर दिया है। सरकार इस बात की जांच कर रही है कि क्या उनका पाकिस्तानी आतंकी समूहों से कोई संबंध है। तटरक्षक बल के महानिदेशक अनिल चोपड़ा ने कहा कि अपने देश से पूर्व दिशा की ओर गतिविधियां चला रहे समुद्री लुटेरे भारत और मालदीव के बीच समुद्र से गुजरने वाले सभी जहाजों के लिए खतरा बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब भारत के इतने करीब समुद्री लूटपाट हो रही है तो इस तरह के संबंधों की अटकलें रहेंगी। चोपड़ा ने नई दिल्ली में 34वें तटरक्षक स्थापना दिवस के पहले एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि दुनियाभर की नौसेनाओं की अदन की खाड़ी में बढ़ती मौजूदगी से समुद्री लुटेरों ने अपनी गतिविधियों का क्षेत्र बदल दिया है और पूर्व की ओर बढ़ना शुरू कर दिया है। अफ्रीका से उस दिशा में केवल भारत आता है और भारत का अधिकतर पश्चिमी हिस्सा लक्षद्वीप है। वे खासतौर पर तो भारत के लिए कोई खतरा नहीं हैं लेकिन सभी देशों के सारे व्यापारिक जहाजों के लिए खतरा हैं। तटरक्षक प्रमुख ने कहा कि समुद्री लूट के किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए तटरक्षक ने नौसेना के साथ मिलकर लक्षद्वीप द्वीपसमूह पर ऑपरेशन आइलैंड वाच शुरू किया है। तटरक्षक बल की ताकत में दस साल में होगा तीन गुना इजाफा नई दिल्ली : भारतीय तटरक्षक बल तेज रफ्तार से अपना विस्तार कर रहा है और अगले दो साल में इसका आकार बढ़कर दोगुना हो जाएगा। 2020 तक इसकी ताकत तीन गुना बढ़ जाएगी और इसके पास 200 जहाज तथा 100 विमान होंगे। बल ने यह भी कहा कि उसे 30 नए हेलीकॉप्टर खरीदने की मंजूरी मिल गई है जो अगले तीन से चार साल में शामिल किए जाएंगे।


No comments:

Post a Comment