Friday, October 19, 2012

नक्सली हमले में 6 सीआरपीएफ जवान शहीद




जागरण न्यूज नेटवर्क, पटना : गया के छकरबंधा जंगल में गुरुवार को नक्सलियों के बिछाए बारूदी सुरंग विस्फोट में केंद्रीय रिर्जव पुलिस बल (सीआपीएफ) के एक इंस्पेक्टर व एक सब इंस्पेक्टर समेत छह जवान शहीद हो गए। हमले में घायल अन्य 13 में चार ने इलाज के लिए ले जाते वक्त रास्ते व अस्पताल में दम तोड़ दिया। मगध क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक नैयर हसनैन खां ने बताया कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के खिलाफ बुधवार की रात से जिला पुलिस, एसटीएफ, कोबरा व सीआरपीएफ का अभियान संचालित था। गुरुवार की सुबह करीब सात बजे डुमरिया थाना के छकरबंधा-बरहा मार्ग पर बरहा के पास बारुदी सुरंग में विस्फोट हुआ। उस वक्त सीआरपीएफ के जवान एंटी लैंडमाइंस वाहन पर सवार थे। बारूदी सुरंग का विस्फोट इतना जबरदस्त था कि वाहन पर सवार सीआरपीएफ जवानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटनास्थल पर ही सब इंस्पेक्टर रामजी राम व वाहन चालक हवलदार लाल बाबू की मौत हो गई। सिटी एसपी अख्तर हुसैन ने बताया कि घायलों को गया लाने के क्रम में दो जवान विक्रमादित्य यादव एवं अशोक निराला की मौत हो गई। जबकि इलाज के लिए पटना जाने के क्रम में राय सिंह नामक जवान की मौत हुई। घायलों को हेलीकॉप्टर से पटना के राजेश्र्वर अस्पताल लाया गया। पटना में इलाज के दौरान इंस्पेक्टर हनुमंत सिंह ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों में डिप्टी कमांडेंट बीके सिंह, जवान मनोज कुमार राय, अनिरुद्ध कुमार, गिरीश कुमार, शैफुद्दीन अली, सुदर्शन, सचिन पाटिल व कौशल शर्मा शामिल हैं। डिप्टी कमांडेंट को पेट में गोली लगी है। एक जवान का गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Dainik Jagran National Edition 19-10-2012 Suraksha Pej-1

No comments:

Post a Comment