Tuesday, October 2, 2012

कड़ी सुरक्षा के बीच चीनी सीमा पर निर्माण शुरू




लेह, एजेंसी : उत्तरी जम्मू-कश्मीर के चीन से सटे न्योमा इलाके में सिंधु नदी के किनारे सिंचाई परियोजना का कार्य कड़ी सुरक्षा के बीच दोबारा शुरू हो गया है। वास्तविक नियंत्रण रेखा पार कर न्योमा पहुंचे चीनी सैनिकों ने अगस्त में धमकी देते हुए निर्माण कार्य बंद करवा दिया था। लद्दाख स्वायत्तशासी पर्वतीय परिषद के मुख्य कार्यकारी पार्षद रिगजिन पालबार के मुताबिक 23 सितंबर से परियोजना का काम पटरी पर आ गया है। चीन से लगी सीमा पर सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) द्वारा अतिरिक्त सुरक्षा उपलब्ध कराए जाने के बाद यहां कार्य सुचारु रूप से हो रहा है। अगस्त में यहां परियोजना का कार्य तब रुक गया था, जब चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के हथियारबंद सैनिक सिंधु नदी के तट पर आए। चीनी सैनिकों ने कथित तौर न्योमा ब्लाक में चल रही कुयुल-गोंबा-यारदोल-थक्सी सिंचाई परियोजना स्थल पर आए ठेकेदारों से काम बंद करने को कहा। इसकी सूचना मिलने के बाद पर्वतीय परिषद ने आइटीबीपी और लेह स्थित 14 सैन्य टुकड़ी से ठेकेदारों के लिए सुरक्षा मांगी थी। सीमावर्ती क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत 2005-06 में परियोजना का कार्य शुरू हुआ था। परियोजना के तहत नदी से पानी निकालकर चार किमी लंबी एक नहर में पहुंचाया जाना है जिससे इलाके में सिंचाई और पेयजल की सुविधा बेहतर की जा सके। हालांकि अब तक सिर्फ 1.8 किमी लंबी नहर का ही निर्माण हो सका है।

Dainik Jagran National edition Date 1-10-2012 Shuraksha  Pej -5


No comments:

Post a Comment