Thursday, October 18, 2012

इलेक्ट्रॉनिक युद्ध क्षमता बढ़ाएगी वायुसेना




नई दिल्ली, एजेंसी : साइबर सुरक्षा को लेकर बढ़ते खतरे को देखते हुए वायुसेना अपनी इलेक्ट्रॉनिक युद्ध क्षमता को बढ़ाएगी। वायुसेना मुख्यालय में इस मुद्दे पर विचार विमर्श करने के लिए तीन दिवसीय बैठक आयोजित की गई है, जिसमें अभियान, प्रशिक्षण से जुड़े कमांडर शिरकत कर रहे हैं। एयर कमांडरों के द्विवार्षिक बैठक का उद्घाटन करते हुए वायुसेना प्रमुख एनएके ब्राउन ने कहा कि हमलोग चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं। इसलिए हमारा ध्यान तीन प्रमुख क्षेत्रों, अभियानगत क्षमताओं, आधारभूत ढांचे और सुरक्षा पर होना चाहिए। विशेषकर खास तकनीकों पर। उन्होंने वायुसेना की अभियान गत क्षमताओं में वृद्धि करने की वकालत की। बैठक में शामिल हो रहे वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से हमारे सामने नित नई चुनौतियां आ रही हैं, इसको देखते हुए सम्मेलन में मुख्य तौर पर इलेक्ट्रॉनिक युद्ध क्षमता को और दुरुस्त करने पर जोर रहेगा। साइबर सुरक्षा के मोर्चे पर अपनी क्षमता को बढ़ाने के लिए अगले पांच वर्षो में पांच लाख लोगों को प्रशिक्षित करने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा इस सम्मेलन में बाहरी और आंतरिक सुरक्षा को लेकर उपजे ताजा हालात की भी व्यापक समीक्षा की जाएगी। अगले दो वर्षो में इसके भावी नतीजों पर विचार विमर्श किया जाएगा। वायुसेना प्रमुख ने हाल में ही कहा था कि पड़ोसी देशों में उपजे हालात देश की सुरक्षा के लिहाज से काफी गंभीर है। ब्राउन ने 8 अक्टूबर को कहा था कि मौजूदा समय दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण दोनों है।
Dainik  Jagran National Edition 17-10-2012 Shuraksha Pej -6

No comments:

Post a Comment