Friday, October 19, 2012

ब्रह्मोस व इनवार मिसाइल खरीद को हरी झंडी




जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली : थल और वायु सेना के लिए मिसाइल खरीद के करीब नौ हजार करोड़ के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने मुहर लगा दी है। इस कड़ी में वायुसेना के लिए 200 ब्रह्मोस और थलसेना के टी-90 टैंकों के लिए 25 हजार इनवार मिसाइलों की खरीद की जानी है। दस हजार इनवार मिसाइल रूस से खरीदी जाएंगीं। केंद्रीय मंत्रिमंडल की सुरक्षा मामलों संबंधी समिति ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान रक्षा मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, वायुसेना के लिए करीब छह हजार करोड़ की लागत से 200 ब्रह्मोस मिसाइल खरीदी जानी हैं। करीब 300 किमी तक प्रहार क्षमता वाली इन मिसाइलों को सुखोई-30 लड़ाकू विमानों में लगाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, सुखोई विमानों में ब्रह्मोस फिट करने के लिए संशोधन किए जाएंगे और इनका पहला परीक्षण दिसंबर तक किए जाने हैं। इसके लिए दो सुखोई विमानों में संशोधन किए जाएंगे। टी-90 टैंक बेड़े की मारक क्षमता बढ़ाने को खरीदी जा रही इनवार मिसाइलों में से 10 हजार जहां रूस से ली जानी हैं वहीं 15 हजार की आपूर्ति सरकारी उपक्रम भारत डायनामिक्स लिमिटेड करेगा। बीडीएल रूस के साथ करार के बाद इसका लाइसेंस उत्पादन करेगा। 70 किमी तक मार करने वाली इन मिसाइलों से टैंकों की मारक क्षमता में काफी इजाफा होगा। अहम है कि रूस के साथ सहयोग वाले दोनों ही खरीद प्रस्तावों को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की 1 नवंबर 2012 को प्रस्तावित भारत यात्रा की तैयारी माना जा रहा है।
Dainik Jagran National Edition 19-10-2012 Suraksha Pej-6

No comments:

Post a Comment